17 आपराधिक मामलों में दर्ज आरोपी गिरफ्तार : पुरानी रंजिश में मारपीट और धमकी के मामले में 21 दिन से था फरार…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी शहर में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा फरार आरोपियों और निगरानी में शामिल बदमाशों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले में फरार चल रहे 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि ग्राम बींझावाड़ा निवासी शिवा कौशिक ने 8 सितंबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि डूण्डासिवनी निवासी युवराज उर्फ बहादुर तेकाम ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ विवाद किया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
घटना के बाद से आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस उसकी संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी। इसी बीच मंगलवार 29 सितंबर की रात मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युवराज उर्फ बहादुर तेकाम पिता स्व. बलवीरसिंह तेकाम, उम्र 22 वर्ष, निवासी गोंडी मोहल्ला, कबीर वार्ड, थाना डूण्डासिवनी, सिवनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली और डूण्डासिवनी थानों में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और हत्या के प्रयास जैसे मामलों से संबंधित कुल 17 प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। इसी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस उसकी गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सतीश तिवारी के नेतृत्व में सउनि जसवंत सिंह, प्रधान आरक्षक कृष्णकुमार वानखेड़े, सुधीर डहेरिया, सीताराम जावरे, कपिल कटरे और मुकेश इनवाती की भूमिका रही।







