हनुमानताल में बड़ा हादसा टला: एक्टिवा समेत तालाब में गिरी शिक्षिका, पुलिस की सतर्कता से बची जान

जबलपुर। शहर के हनुमानताल इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक महिला शिक्षिका पूजा सामग्री विसर्जन के लिए तालाब किनारे पहुंची और अचानक अपनी एक्टिवा सहित पानी में जा गिरीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पूजा विसर्जन के दौरान हुआ हादसा-प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला शिक्षिका सुबह पूजा सामग्री विसर्जित करने के लिए हनुमानताल पहुंची थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उनकी एक्टिवा सीधे तालाब में उतर गई और वह भी उसके साथ पानी में गिर पड़ीं।
पुलिस की तत्परता से बची जान
घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई चतुर्भुज और आरक्षक दिलीप दुबे ने बिना देर किए पानी में उतरकर महिला को बाहर निकाला। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से शिक्षिका की जान बच गई।
मौके पर जुटी भीड़, सुरक्षित है शिक्षिका
हादसे के बाद तालाब किनारे लोगों की भीड़ लग गई। शिक्षिका को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।







