सुबह 7 से 12 बजे तक लगेंगे स्कूल, 8 से 12 बजे तक आंगनवाड़ी—21 अप्रैल से नया समय लागू

शहर में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव की आशंका के मद्देनज़र कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले की सभी शासकीय एवं अशासकीय शालाओं के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है।आदेश के मुताबिक नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश सभी परीक्षा बोर्ड से संबद्ध सरकारी और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। यह नई व्यवस्था 21 अप्रैल से प्रभावी होगी।
आंगनवाड़ी केंद्रों का समय भी बदला-भीषण गर्मी को देखते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है। अब जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
शिक्षकों के लिए निर्देश जारी-आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार नामांकन, आधार अपडेट, अपार आईडी सहित अन्य शासकीय कार्य स्कूल में उपस्थित रहकर तय समय सीमा में पूर्ण करेंगे।
बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता-प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों को तेज गर्मी और लू के प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से लिया है, ताकि उनकी पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य भी सुरक्षित रह सके।








