सरकार से वार्ता के लिए चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रवाना इंटर्न डॉक्टरों ने कहा- बातचीत के नतीजे के बाद ही आंदोलन पर लेंगे अंतिम फैसला

सरकार से वार्ता के लिए चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रवाना
इंटर्न डॉक्टरों ने कहा- बातचीत के नतीजे के बाद ही आंदोलन पर लेंगे अंतिम फैसला
भोपाल यश भारत। इंटर्न डॉक्टरों की मांगों को लेकर सरकार और डॉक्टरों के बीच बातचीत का दौर जारी है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि सरकार के साथ वार्ता अभी अंतिम चरण में नहीं पहुंची है और बातचीत के परिणाम के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। डॉक्टरों के अनुसार सरकार की ओर से मिले काउंटर प्रपोजल पर बीती रात सभी इंटर्न डॉक्टरों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इसमें सरकार की ओर से प्रस्तावित मांगों के फायदे और नुकसान पर विचार करने के बाद सर्वसम्मति बनाई गई। डॉक्टरों का कहना है कि इस सहमति में किसी भी सदस्य के बीच कोई मतभेद नहीं है। इसी सर्वसम्मति के आधार पर आज चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सरकार के साथ बातचीत करेगा। प्रतिनिधिमंडल सरकार के सामने डॉक्टरों की मांग और पक्ष रखेगा तथा सरकार के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया लेगा। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल की ओर से डॉक्टरों को जानकारी दी जाएगी जिसके बाद सभी के साथ चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। डॉक्टरों ने कहा कि सरकार की ओर से 18 हजार रुपये से संबंधित प्रस्ताव पर अभी कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है। उनका कहना है कि यदि सरकार लिखित आदेश या आश्वासन देती है तो उसके स्वरूप और समय सीमा का अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल युवा डॉक्टरों जेडी और एमडी सहित सभी संबंधित डॉक्टरों से चर्चा करेगा। डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार के साथ बातचीत को फिलहाल लगातार चलने वाली प्रक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। कल शाम और रात में भी बातचीत हुई थी और आज भी वार्ता जारी है। इसलिए अभी यह कहना उचित नहीं होगा कि सरकार का कोई प्रस्ताव अंतिम है। प्रतिनिधिमंडल के लौटने के बाद डॉक्टर आपस में चर्चा करेंगे और इसके बाद आंदोलन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। डॉक्टरों का कहना है कि वार्ता में जो भी निष्कर्ष सामने आएगा उसकी जानकारी प्रेसिडेंट की ओर से सभी को दी जाएगी।







