सडक़ पर मौत का गड्ढा, हादसों का न्योता, झिंझरी पुलिस चौकी के पास धंसी सडक़, विकास के दावों पर सवाल

कटनी, यशभारत। नगर निगम द्वारा सडक़, नाली और सीवर परियोजनाओं के नाम पर कार्य कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद बारिश के दौरान शहर की सडक़ों की स्थिति और बदतर हो गई है। सीवर कार्य के लिए खोदी गई सडक़ों की मरम्मत और निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। कई स्थानों पर सडक़ें धंस गई हैं और गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। शहर में हर महीने विकास कार्यों का भूमिपूजन होता है। लाखों करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे किए जाते हैं और विकास की तस्वीरें भी खूब सामने आती हैं लेकिन इन दावों की असली तस्वीर शहर की सडक़ों पर दिखाई दे रही है, जहां जगह-जगह धंसती सडक़ें और जानलेवा गड्ढे व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। झिंझरी पुलिस चौकी पहुंच मार्ग के पास सडक़ में बने गड्ढा दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। सडक़ के बीच बने इस गड्ढे से वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालक यदि अचानक इसकी चपेट में आए तो गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। सडक़ों की बदहाल स्थिति उन प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही है। आखिर निर्माण और मरम्मत पर खर्च होने वाली लाखों करोड़ों रुपये की राशि का असर सडक़ों पर क्यों दिखाई नहीं देता। विडंबना यह है कि नगर निगम एक गड्ढा भरता नहीं कि दूसरी जगह सडक़ धंसने की शिकायत सामने आ जाती है। इससे निर्माण की गुणवत्ता, कार्यों की निगरानी और संबंधित ठेकेदारों की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न उठते हैं।







