के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित हुए थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार, पन्ना पुलिस का बढ़ाया मान

पवई, यशभारत । पन्ना जिले के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार वितरण समारोह में जिले के दो पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने समारोह में वर्ष 2019-20 एवं 2021-22 के लिए परम विशिष्ट, अति विशिष्ट एवं विशिष्ट श्रेणी के पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान पवई थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार को वर्ष 2021-22 में तत्कालीन थाना प्रभारी सिमरिया रहते हुए किए गए उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। उनके कार्यकाल में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण एवं जनहित के मामलों में सक्रिय भूमिका की सराहना की गई।वहीं साइबर सेल में पदस्थ प्रधान आरक्षक नीरज रैकवार को वर्ष 2019-20 में साइबर अपराधों के निराकरण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें भी प्रशस्ति पत्र एवं 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। समारोह में प्रदेशभर से चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पन्ना जिले के दो पुलिस कर्मियों को मिला यह सम्मान जिले के पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय बना हुआ है।सम्मान की घोषणा के बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों ने दोनों पुलिस कर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







