संभाग के अतिरिक्त संचालक का गर्ल्स कॉलेज में छापा, गृह विज्ञान विभाग में लटका मिला ताला: लापरवाही पर भड़के अधिकारी, प्राचार्य तलब

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा सागर संभाग, डॉ. नीरज दुबे ने बुधवार, 22 अप्रैल को शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय सागर के नवीन भवन (साइंस ब्लॉक) का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण से महाविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. आर.के. गोस्वामी एवं डॉ. भावना यादव भी अतिरिक्त संचालक के साथ उपस्थित थे। महाविद्यालय के संचालन में व्याप्त भारी अव्यवस्थाओं और अनुशासनहीनता को देख अतिरिक्त संचालक ने कड़ा रोष व्यक्त किया और मौके पर ही महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी को तलब कर कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान सबसे चौंकाने वाली स्थिति गृह विज्ञान विभाग में देखने को मिली, जहाँ विभाग में ताला लटका पाया गया और वहां पदस्थ समस्त शिक्षक एवं स्टाफ नदारद थे। इस घोर लापरवाही के कारण अनेक विषयों की स्नातकोत्तर कक्षाएं और प्रायोगिक कार्य ठप मिले। अतिरिक्त संचालक ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए अनुपस्थित प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों और कर्मचारियों को कार्यालय से ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करने के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कई स्टाफ सदस्यों के अवकाश आवेदन साइंस ब्लॉक प्रभारी डॉ. अरविन्द बोहरे के संज्ञान में ही नहीं थे, जिससे अनुपस्थित शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था तक नहीं की जा सकी।
निरीक्षण की कार्रवाई सुबह 11:30 बजे तक चली, जिस दौरान पाया गया कि अधिकांश शैक्षणिक और अशैक्षणिक स्टाफ ने उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर तक नहीं किए थे। महाविद्यालय में फैली इस अराजकता और कार्य के प्रति उदासीनता को देखते हुए अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे ने प्राचार्य को निर्देशित किया है कि व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाया जाए। साथ ही, उन्होंने अनुशासनहीनता बरतने वाले दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। इस कार्रवाई के बाद से उच्च शिक्षा विभाग में हड़कंप का माहौल है।







