मध्य प्रदेशराज्य

शाहगढ़ के मुड़ारी में कौतूहल: मंदिर परिसर की खुदाई में निकले ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के, प्रशासन ने 13 सिक्के किए जब्त

ठाकुर बब्बा मंदिर परिसर में चल रहा था समतलीकरण; सिक्कों पर अंकित है महारानी विक्टोरिया की आकृति, एएसआई (ASI) करेगी जांच

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र के मुड़ारी बुजुर्ग गांव में उस वक्त भारी कौतूहल और उत्सुकता का माहौल बन गया, जब मंगलवार को ठाकुर बब्बा मंदिर परिसर की जमीन पर चल रहे खुदाई और समतलीकरण के कार्य के दौरान मिट्टी के भीतर से प्राचीन सिक्के दिखाई दिए। जैसे ही ग्रामीणों के बीच ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिलने की खबर फैली, मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सजगता से तत्काल इसकी सूचना पुलिस और प्रशासनिक अमले को दी गई, जिसके बाद अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।

 

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जब संदेहास्पद स्थल पर और बारीकी से खुदाई कराई गई, तो जांच के दौरान कुल 13 चांदी के सिक्के बरामद कर जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच में इन सिक्कों पर ब्रिटिश शासनकाल की महारानी विक्टोरिया की आकृति और विशेष ऐतिहासिक चिन्ह अंकित पाए गए हैं। पुरातत्व विशेषज्ञों के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, ये सिक्के वर्ष 1937 से 1901 के ब्रिटिश कालखंड के हो सकते हैं। प्रशासन ने सभी 13 सिक्कों को अपने सुरक्षित कब्जे में लेकर उनके ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि इस प्राचीन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में और भी ऐतिहासिक वस्तुएं दबी हो सकती हैं।

पुरातत्व विभाग (ASI) करेगा विस्तृत सर्वे, प्रशासन ने लगाई खुदाई पर रोक

मामले की गंभीरता और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से घटना स्थल पर सुरक्षा घेरा तैयार करवा दिया है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, “मुड़ारी बुजुर्ग गांव में समतलीकरण के दौरान ब्रिटिशकालीन सिक्के प्राप्त हुए हैं। वर्तमान में 13सिक्के बरामद कर लिए गए हैं। चूंकि यह क्षेत्र ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हो सकता है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से इस जमीन पर आगामी खुदाई कार्य के लिए तत्काल ‘स्टे’ (रोक) दिया जा रहा है और आदेश मौके पर चस्पा किया जा रहा है।”

आगामी समय में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की टीम को पत्र लिखकर यहाँ वैज्ञानिक पद्धति से विस्तृत सर्वे और आवश्यक खुदाई कराई जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि ये सिक्के यहाँ कहाँ से आए। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और खुद से किसी भी प्रकार की खुदाई न करने की पुरजोर अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button