मध्य प्रदेशराज्य

वीडियो कॉल पर आत्महत्या का मामला: आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Table of Contents

दमोह। जिले में वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मृतक रोहित उर्फ कृष्णकांत राय निवासी ग्राम मुहरई अपने गले में पीले रंग की रस्सी का फंदा डालकर पेड़ से बांधे हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो में वह गांव के घंसू उर्फ घनश्याम अहिरवार पर पैसे मांगकर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहा था।

वीडियो में मृतक ने बताया कि वह आरोपी को पहले ही लगभग 2 लाख रुपये दे चुका है, इसके बावजूद आरोपी उससे 50 हजार रुपये और मांग रहा है। साथ ही पैसे नहीं देने पर उसे धारा 376 के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहा था। मृतक ने वीडियो में यह भी कहा कि उसके मोबाइल में कैलकुलेटर नाम के ऐप में सभी सबूत सुरक्षित हैं, जिसका पासवर्ड “0000” है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी हटा के मार्गदर्शन में थाना गैसाबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा बनाकर मर्ग क्रमांक 08/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया।

परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी घंसू उर्फ घनश्याम अहिरवार लगातार रुपयों की मांग कर मृतक को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर रोहित उर्फ कृष्णकांत राय ने 14 मार्च को गांव के तालाब किनारे पेड़ पर चढ़कर अपने दोस्त को वीडियो कॉल पर पूरी घटना बताई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जांच में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के प्रमाण मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश शुरू की और टीम गठित कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गैसाबाद उपनिरीक्षक सौरभ शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक गोदन पटेल, प्रधान आरक्षक तुलसीराम पटेल, प्रधान आरक्षक अरविंद तिवारी, आरक्षक ऋषिराज चौहान, सोनू कुर्मी, संदीप कुर्मी और आरक्षक अकरम की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button