लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई : 2 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग के एई रंगे हाथ ट्रैप

दमोह(हटा) बिजली विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त सागर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (AE) को ₹2000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हटा विद्युत अनुभाग में पदस्थ सहायक अभियंता राजेश कुमार सहाय के विरुद्ध हटा निवासी उपभोक्ता इंद्र कुमार पटेल ने लोकायुक्त एसपी सागर को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि उनका बिजली मीटर कम लोड पर चल रहा था, जिसको लेकर उन पर बिजली चोरी की कार्रवाई नहीं करने के एवज में सहायक अभियंता द्वारा ₹7000 की मांग की जा रही थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। गुरुवार को हटा स्थित बिजली विभाग कार्यालय में जैसे ही सहायक अभियंता ने ₹2000 की रिश्वत राशि ली, लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम के सामने आरोपी अधिकारी द्वारा सफाई देने का प्रयास किया गया, लेकिन टीम ने पहले से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी रखी। आरोपी अधिकारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







