लोकायुक्त की बड़ी कार्यवाही : 80 हजार की रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारी रंगे हाथ ट्रैप

दमोह। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लोकायुक्त सागर की टीम ने शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारियों को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिकायत की पुष्टि के बाद योजनाबद्ध तरीके से की गई।
जानकारी के अनुसार, एक निलंबित शिक्षक रवींद्र कुमार आठ्या की विभागीय जांच समाप्त करने और मनचाही जगह पर पोस्टिंग दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी। आरोप है कि शिक्षक अनिल साहू, शिक्षा विभाग में पदस्थ बाबू मनोज श्रीवास्तव और सहायक ग्रेड-3 नीरज सोनी ने मिलकर पहले 1 लाख रुपए की मांग की थी, जो बाद में 80 हजार रुपए में तय हुई।
शिकायतकर्ता ने 13 अप्रैल को लोकायुक्त सागर में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और सोमवार रात भोपाल-दमोह रोड पर जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों को हिरासत में लेकर जबलपुर नाका चौकी में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान इस मामले में और लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं, जिससे जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों-कर्मचारियों में खौफ का माहौल है।







