लूट की वारदात का ऐसे हुआ खुलासा : दो आरोपी गिरफ्तार… पढ़े पूरी खबर

दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लूटी गई बाइक सहित घटना में प्रयुक्त दूसरी मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को ग्राम परस्वाहा निवासी कपिल रजक ने थाना नोहटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 मई की रात सिंग्रामपुर-माला बम्होरी मेन रोड पर ग्राम बम्होरी के पास दो युवकों ने बाइक अड़ाकर उसका रास्ता रोका और मारपीट करते हुए उसकी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP34ZB1829 लूटकर फरार हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी तेंदूखेड़ा के निर्देशन में थाना नोहटा पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी गोलू सिंह ठाकुर उर्फ सुनील ठाकुर (25 वर्ष) एवं दुर्गेश पटैल (20 वर्ष), निवासी ग्राम कोरता थाना जबेरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बजाज प्लेटिना बाइक कीमत लगभग 60 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की नई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल कीमत करीब एक लाख रुपये जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी नोहटा उपनिरीक्षक अभिषेक पटैल, थाना प्रभारी जबेरा उपनिरीक्षक विकास सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







