मुड़वारा स्टेशन के पास मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी जीआरपी

कटनी, यशभारत। मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। मृतक की पहचान माधव नगर थाना क्षेत्र के ग्राम चरवाही निवासी इंद्रजीत पटेल (पिता राम रतन पटेल) के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत पटेल बीते 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे अपने घर से निकला था। वह एनकेजे थाना क्षेत्र के ग्राम जुहला में एक रिश्तेदार के यहाँ आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गया था। जब वह देर रात तक वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास रेल की पटरियों पर उसका शव मिलने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर मिलते ही जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने घटना पर गहरा संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि इंद्रजीत तिलक समारोह में खुशी-खुशी गया था। उनकी मांग है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।







