कटनी

भौतिक सत्यापन में खुली आईएचपी कंपनी की पोल, जल जीवन मिशन की हकीकत परखने तिमुआ पहुंची जांच टीम, 200 कनेक्शनों में नहीं हुई जलापूर्ति , अपूर्ण मिला रोड रेस्टोरेशन का कार्य, टोंटी विहीन मिले नल कनेक्शन

कटनी/बरही, यशभारत। हर घर नल से जल पहुंचाने के जल जीवन मिशन की हवा उस वक्त निकल गई, जब परियोजना की जमीनी हकीकत परखने के साथ भौतिक सत्यापन के लिए 2 जून को तिमुआ गांव जांच दल पहुंचा। मंगलवार 2 जून को कटनी जिले के जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के ग्राम पंचायत तिमुआ में जिला प्रशासन के निर्देश पर सत्यापन के लिए बनी टीम पहुंची तो आलम यह था कि इस पंचायत के 400 में 200 नल कनेक्शनों में आज तक जल ही नही पहुंचा, तो वहीं ज्यादातर नल टोटी विहीन पाए गए। रोड रेस्टोरेशन का कार्य भी अपूर्ण मिला। अधिकारियों ने सत्यापन के दौरान बिंदुवार ब्योरा तैयार किया है। गौरतलब है कि ठेका कंपनी आईएचपी इस अपूर्ण परियोजना को पंचायतों के सुपुर्द करने के लिए पिछले 3 साल से जुटी हुई है, जिससे इस परियोजना में जमकर किए गए भ्रष्टाचार से उसे छुटकारा मिल जाए।
एसडीएम के आदेश पर सत्यापन
जनपद पंचायत विजयराघवगढ़़ की 24 ग्राम पंचायतों के 40 गांव में नल-जल योजना का भौतिक सत्यापन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजयराघवगढ़़ विवेक गुप्ता द्वारा गठित किए गए दल के माध्यम से आगामी 17 जून तक यह कवायद चलेगी। इस अभियान के पहले ही दिन 2 जून को ग्राम पंचायत तिमुआ के ग्राम कोनिया, मनघटा, कुदरी और कोनिया गांव में जल जीवन निगम और ठेका कंपनी आईएचपी के कारनामों, फैली अव्यवस्था की पोल खुल गई।
100 में कनेक्शन में 60 बाधित
ग्राम पंचायत तिमुआ के ग्राम मनघटा में सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि गांव में 100 नल कनेक्शन दिए गए है, जिनमे 60 नल कनेक्शन में आज तक पानी ही नही पहुंचा। नल कनेक्शन अपूर्ण है। टोटियां विहीन नल पाए गए तो वही रोड रेस्टोरेशन का कार्य भी अपूर्ण स्थिति में है।
120 कनेक्शन में नहीं पहुंची पानी की एक बंूद
सत्यापन के दौरान ग्राम तिमुआ वार्ड क्रमांक 02 में 120 नल कनेक्शन दिए गए है, जो टोटी विहीन, अव्यवस्थित पाए गए, इतना ही नहीं इन 120 कनेक्शन में आज तक पानी की एक भी बंूद नही पहुंची। तिमुआ गांव में कुल 200 नल कनेक्शन है, जिनमे महज 80 में भगवान भरोसे कभी-कभार नल से जल पहुंच जाता है।
सत्यापन टीम, संयुक्त दल में ये रहे शामिल
एसडीएम विजयराघवगढ़ द्वारा गठित संयुक्त दल में जल निगम के डीजीएम समीर कौशल, जनपद के पीसीओ देव सिंह सैयाम, निर्माण कंपनी आईएचपी के रवि गुप्ताए फील्ड इंजीनियर आशीष शुक्ला, गौरव सोनी, धनेंद्र द्विवेदी, पंचायत के सरपंच तीरथ पटेल, सचिव रज्जन चौधरी, जीआरएस मुन्नालाल पटेल शामिल रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button