
बारिश के बीच बंद गोदाम में लगी आग
घंटाघर रोड स्थित तिलक राष्ट्रीय स्कूल के पीछे की घटना
कोरोना काल से बंद था गोदाम; आग लगने का कारण जांच का विषय

कटनी, यशभारत। शहर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब घंटाघर रोड स्थित श्री तिलक राष्ट्रीय स्कूल के पीछे लंबे समय से बंद पड़े एक पुराने गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। खास बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस दौरान बारिश का मौसम था और क्षेत्र में बारिश भी हो रही थी। सूचना मिलते ही दमकल अमला मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया।
पुलिस कंट्रोल रूम कटनी से 3 सितंबर की रात करीब 1:52 बजे फायर ब्रिगेड को गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बस स्टैंड जोन से दो फायर ब्रिगेड वाहनों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
कबाड़ और अनुपयोगी सामग्री बनी चुनौती
फायर अधीक्षक के अनुसार गोदाम काफी पुराना था और कोरोना काल के समय से बंद बताया गया है। गोदाम के भीतर रिजेक्टेड सामग्री, कबाड़ और अन्य सामान रखा हुआ था। इसी सामग्री में आग लगने के कारण धुआं और लपटें उठने लगीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग को आसपास फैलने से रोक दिया।
गोदाम लंबे समय से बंद होने के कारण अंदर रखी सामग्री और आग लगने की परिस्थितियां भी सामान्य आग की घटनाओं से अलग सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग किन परिस्थितियों में लगी।
बारिश के बीच आग, कारण पर उठे सवाल
रात के समय गोदाम बंद था और बारिश का मौसम होने के बावजूद उसमें आग लगना जांच का विषय है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी, किसी अन्य कारण से या फिर आग लगाई गई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। घटना में कितना नुकसान हुआ, इसका भी आकलन किया जाना बाकी है।
रात के समय हुई इस घटना ने आसपास के क्षेत्र में भी हलचल पैदा कर दी। गनीमत रही कि समय रहते दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए और आग को नियंत्रित कर लिया गया।






