कटनी

जयप्रकाश वार्ड को 1.06 करोड़ की सौगात

सड़क-नाली और जल निकासी कार्य शुरू

जयप्रकाश वार्ड को 1.06 करोड़ की सौगात

  • सड़क-नाली और जल निकासी कार्य शुरूIMG 20260609 WA0060

कटनी।,यशभारत। शहर के जयप्रकाश वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वार्ड में लगभग 1 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ गई है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी (टंडन), क्षेत्रीय पार्षद एवं मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।

स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत रामलीला मैदान क्षेत्र से जुड़े मार्गों पर सीसी सड़क निर्माण, विभिन्न गलियों में सीसी नाली निर्माण एवं मरम्मत, क्षतिग्रस्त सड़कों का डामरीकरण, नाला सुधार तथा रिटेनिंग वॉल निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कार्य किए जाएंगे।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क और जल निकासी की समस्याओं के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विकास कार्यों की शुरुआत से लोगों में उम्मीद जगी है कि अब वार्ड की बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।

इस अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिकों की जरूरतों के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ने कहा कि इन कार्यों से नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

क्षेत्रीय पार्षद सुभाष साहू ने बताया कि वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की कई मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।

जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे होंगे और जयप्रकाश वार्ड की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button