युवक से मोबाइल छीनकर चाकू से किया हमला, खिरहनी फाटक में पुरानी रंजिश को लेकर वारदात, आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

कटनी, यशभारत। कोतवाली अंतर्गत खिरहनी फाटक में पुरानी रंजिश को लेकर युवक के साथ विवाद कर उसका मोबाइल छीनने एवं जान से मारने की नियत से चाकू से हमला करने के आरोपी तरूण जाटव को पुलिस ने गिरफ्तार बटनदार चाकू बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि विगत दिवस खिरहनी फाटक निवासी सुमित जाटव को तरूण जाटव ने पुरानी रंजिश के चलते चाकू मारकर घायल कर दिया गया। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल सुमित जाटव से पूछताछ की। घायल ने बताया कि वह सुबह अपने घर से किराना दुकान पर ब्रश खरीदने गया था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित तरूण वहां आया और उसका आईफोन छीन लिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए विवाद किया तथा चाकू से हमला कर दिया। चाकू सुमित के बाएं पैर की जांघ में लगा, जिससे खून निकलने लगा। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी तरूण जाटव को रेल्वे कॉलोनी स्थित लाल ग्राउण्ड के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तरूण जाटव थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी है, जिसके विरूद्ध पूर्व से 12 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को दृष्टिगत रखते हुए उसके विरूद्ध जिलाबदर की कार्यवाही हेतु प्रकरण भी तैयार किया गया है।







