मध्य प्रदेशराज्य

बंद कमरे का रहस्य: शिक्षिका की हत्या के बाद युवक ने लगाई फांसी? मोबाइल और चैट हिस्ट्री से खुलेगा रिश्ते का राज

सतना, यश भारत। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ नगर (अशोक विहार कॉलोनी) में बंद कमरे से युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या और आत्महत्या का मामला मान रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती की धारदार हथियार से हत्या की और बाद में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

 

मृतका की पहचान 29 वर्षीय पूनम अहिरवार निवासी अनूपपुर के रूप में हुई है, जो देवलोंद (बाणसागर) के एक शासकीय विद्यालय में वर्ग-एक शिक्षिका पद पर पदस्थ थी। वहीं मृत युवक 30 वर्षीय अंबिकेश गौतम, रीवा का रहने वाला था और सतना के सितपुरा स्थित रिलायंस सीएनजी प्लांट में कार्यरत था।

 छोटे भाई ने तोड़ा ताला, अंदर दिखा खौफनाक मंजर

पुलिस के मुताबिक अंबिकेश का छोटा भाई अंकितेश पिछले तीन वर्षों से किराए के इस कमरे में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। करीब दो महीने पहले नौकरी लगने के बाद अंबिकेश भी उसी कमरे में रहने लगा था।

शुक्रवार शाम जब अंकितेश कमरे पर पहुंचा तो बाहर से ताला बंद मिला। रात करीब 8 बजे दोबारा लौटने पर भी ताला नहीं खुला और भाई का मोबाइल फोन लगातार बंद मिला। शक होने पर उसने ताला तोड़ा। कमरे के भीतर दाखिल होते ही वह सन्न रह गया। युवती का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था, जबकि युवक फंदे पर लटका मिला। इसके बाद मकान मालिक प्रवीण सिंह को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची।

 हत्या का हथियार गायब, बढ़ा रहस्य

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की। युवती के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं, लेकिन हत्या में इस्तेमाल हथियार कमरे से बरामद नहीं हुआ। इससे मामला और उलझ गया है।

 

फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह और सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि कमरे की खिड़की में ग्रिल नहीं लगी थी, ऐसे में किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी की संभावना को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।

 

पड़ोस में रहने वाले एक बैंक कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात लगभग 10:30 बजे अंबिकेश एक युवती के साथ कमरे में आया था। दोनों अंदर चले गए, लेकिन उसके बाद किसी को बाहर निकलते नहीं देखा गया।

 

इसी आधार पर पुलिस मान रही है कि रात के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

 

जांच के दौरान पुलिस को युवती के पास से अनूपपुर से इंदौर जाने का रेल टिकट मिला है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि इंदौर जाने वाली शिक्षिका अचानक सतना क्यों पहुंची? क्या वह पहले से अंबिकेश के संपर्क में थी? दोनों के बीच दोस्ती, प्रेम संबंध या कोई अन्य कनेक्शन था? पुलिस अब इन्हीं सवालों के जवाब तलाश रही है।

 

मोबाइल फोन से खुलेगा मौत का राज

 

पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया चैट और डिजिटल गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल डेटा से दोनों के रिश्ते और घटना से पहले की परिस्थितियों का खुलासा हो सकता है।

 

फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button