फल विक्रेताओं को राहत, अवैध कमीशन वसूली पर पुलिस सख्त, मंडी में दिए कड़े निर्देश

कटनी, यशभारत। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फुटकर फल विक्रेताओं की लंबे समय से चली आ रही शिकायत का समाधान किया गया। विक्रेताओं ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित आवेदन देकर कृषि उपज मंडी परिसर में कुछ थोक फल व्यापारियों द्वारा अवैध रूप से 4 प्रतिशत कमीशन और प्रति कैरेट 10 रुपये अतिरिक्त वसूली किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने मंडी प्रांगण पहुंचकर कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष, सचिव, थोक व फुटकर फल विक्रेताओं तथा संबंधित व्यापारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में सभी पक्षों की बात सुनने के बाद शिकायत का निराकरण किया गया।
बैठक के दौरान कृषि उपज मंडी समिति ने स्पष्ट निर्देश जारी किए कि मंडी परिसर में किसी भी प्रकार का अवैध या अतिरिक्त कमीशन शुल्क नहीं लिया जाएगा। अवैध वसूली से संबंधित लगाए गए सभी सूचना बोर्ड तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि 11 जून 2026 या उसके बाद किसी भी प्रकार की अवैध वसूली स्वीकार नहीं की जाएगी। समिति ने कहा कि फलों के दाम बाजार की मांग, आपूर्ति और परिस्थितियों के अनुसार बदल सकते हैं, लेकिन इसके नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कृषि उपज मंडी अधिनियम, नियम एवं उपविधियों का सख्ती से पालन कराने पर भी जोर दिया गया। कटनी पुलिस ने दोहराया कि आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए वह लगातार सक्रिय और प्रतिबद्ध है।







