मध्य प्रदेशराज्य

प्राचीन सिद्धेश्वर नाथ मंदिर से दो ऐतिहासिक घंटे चोरी : श्रद्धालुओं में आक्रोश

सतना, यश भारत । जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोबरांव कला स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर परिसर से दो ऐतिहासिक पीतल के घंटे चोरी कर लिए। दोनों घंटों का वजन करीब 11-11 किलोग्राम बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।

 

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे मुख्य पुजारी चंद्रिका प्रसाद पाण्डेय नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि शिव मंदिर और पार्वती मंदिर में वर्षों से लगे दोनों पीतल के घंटे अपनी जगह से गायब थे। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और मामले की जानकारी उचेहरा थाना पुलिस को दी गई।

 

सूचना मिलने पर रविवार सुबह पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका-मुआयना कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

 

इधर, घटना पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शिवम त्रिपाठी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सिद्धेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस से मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए खोजी कुत्तों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा चोरी गए दोनों ऐतिहासिक घंटों की बरामदगी की मांग की।

 

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और मंदिर के घंटे बरामद नहीं किए गए तो श्रद्धालुओं के साथ आंदोलन किया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button