सतना यश भारत। जान से मारने की नीयत से किए गए प्राणघातक हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री हंसराज सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. शिवेन्द्र सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रावेन्द्र द्विवेदी के नेतृत्व में की गई।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 नवंबर 2025 को फरियादी कादिर हुसैन (43 वर्ष) निवासी नजीराबाद ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
फरियादी ने बताया कि वह अपनी दुकान पर था, तभी उसकी बच्ची ने फोन कर घर पर कुछ लोगों द्वारा गाली-गलौज किए जाने की सूचना दी। घर पहुंचने पर देखा कि इमरान खान, चांद बाबा, अफजल, फैसल और सैफ गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने अचानक हमला कर गंभीर मारपीट की और अधमरा छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले को जांच में लिया और आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
मामले में वांछित आरोपी अजमल उर्फ फैसल (30 वर्ष) पिता कलीम खान, निवासी नजीराबाद, घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने दबिश देकर आरोपी को नजीराबाद क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
Back to top button