वन परिक्षेत्र में मिला मृत काला हिरण : कुत्तों के हमले से मौत की आशंका…. देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत देवरी उपवन मंडल के देवरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुहली बीट से लगे क्षेत्र में एक काला हिरण मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रथम दृष्टया हिरण की मौत आवारा कुत्तों के हमले से होना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह वन विभाग को मुहली बीट से लगे इलाके में एक काला हिरण घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। इस पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हिरण दम तोड़ चुका था। वन अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचनामा कार्रवाई पूरी की।
शरीर पर मिले हमले के निशान
शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरी पशु चिकित्सा विभाग लाया गया। देवरी वन परिक्षेत्र अधिकारी जेपी शाक्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हिरण के शरीर पर कुत्तों के हमले के निशान पाए गए हैं। वहीं, पशु चिकित्सा ब्लॉक अधिकारी डॉ. बीडी पाल ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पोस्टमार्टम किया गया है, जिसमें प्रथम दृष्टया मौत का मुख्य कारण आवारा कुत्तों का हमला ही प्रतीत हो रहा है।
पोस्टमार्टम प्रक्रिया संपन्न होने के बाद वन विभाग की उपस्थिति में मृत काले हिरण का नियमानुसार विधिवत अंतिम संस्कार करा दिया गया। वन विभाग की टीम क्षेत्र में घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटा रही है।
बढ़ते आवारा कुत्ते बने वन्यजीवों के लिए खतरा
काले हिरण जैसे संरक्षित वन्यजीव का इस प्रकार मृत मिलना वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से चिंताजनक है। ग्रामीण व वन सीमा से सटे इलाकों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब वन्यप्राणियों के जीवन के लिए गंभीर खतरा साबित हो रही है। स्थानीय लोगों व पर्यावरण प्रेमियों ने वन क्षेत्र से लगे इलाकों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है।







