देशमध्य प्रदेश

पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट: तीन मजदूरों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

देवास में टोंककला के पास स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ हादसा

देवास,यश भारत। देवास जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। एबी रोड पर जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर टोंककला के पास स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना भयानक था कि फैक्ट्री के आसपास मलबा और मानव अंग सड़क तक आ गिरे। हादसे में अब तक तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 23 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई मजदूरों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

घटना के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि यहां कार्यरत अधिकांश श्रमिक बिहार के अररिया जिले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों को इंदौर और अमलतास अस्पताल रेफर किया गया। अब तक करीब 15 घायलों को उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए भेजा जा चुका है। कई मजदूर 80 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button