नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अटल भवन जा रहे थे प्रदर्शनकारी
NSUI activists arrested while protesting against the NEET paper leak The protesters were heading to Atal Bhawan to demand Dharmendra Pradhan's resignation.

नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अटल भवन जा रहे थे प्रदर्शनकारी
भोपाल यश भारत। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के विरोध में प्रदर्शन करने जा रहे एनएसयूआई के कई कार्यकर्ताओं को शनिवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पीसीसी से अटल भवन की ओर मार्च कर रहे कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोककर हिरासत में लिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई तथा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। हिरासत में लिए गए लोगों में एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार जिला उपाध्यक्ष अमित हाटिया रितिक शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। वहीं कांग्रेस नेताओं के अनुसार कई पदाधिकारियों को उनके घरों और कार्यालयों से भी हिरासत में लिया गया। इनमें अभिषेक परमार अभिनव बरोलिया आशुतोष चौकसे राहुल मंडलोई विरेंद्र मिश्रा रोहित राजोरिया अमित खत्री अक्षय तोमर आदित्य सोनी धनजी गिरी और अमन पठान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हैं। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर नीट परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक मामले के विरोध में मार्च कर रहे थे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल नीट में कथित अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत तथा विश्वास को आघात पहुंचाया है। गिरफ्तारी के दौरान नीट प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करते तब तक नीट का आंदोलन जारी रहेगा।लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास , विवेक त्रिपाठी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने इसे अलोकतांत्रिक कार्रवाई बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को अंधकारमय कर दिया है और ऐसी स्थिति में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। त्रिपाठी ने कहा कि देश का युवा इस अन्याय को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जहां जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री जाएंगे वहां युवा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे और अपना आक्रोश व्यक्त करेंगे। कांग्रेस और एनएसयूआई छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे।







