टीटी नगर चौराहे के सिग्नल में आई तकनीकी खराबी

टीटी नगर चौराहे के सिग्नल में आई तकनीकी खराबी
– कई घंटे तक बाधित होता रहा यातायात
भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र में बुधवार शाम लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। रोशनपुरा चौराहे से लेकर टीटी नगर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे मुख्य सडक़ पर घंटों तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। टीटी नगर चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल में आई तकनीकी खराबी के कारण लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को अचानक टीटी नगर स्थित सिग्रल की लाइट में तकनीकी खराबी आ गई थी। सिग्रल देरी से चालू और बंद हो रहे थे। लाल बत्ती होते ही कई वाहनों की कतार लग रही थी। वहीं हरी बत्ती होते ही वाहन चालक एक दूसरे से आगे निकलने की होड करने लगे। जिसके कारण वाहन फंस गए थे और जाम की स्थिति बन गई। चारों दिशाओं से वाहन एक साथ निकलने लगे और कुछ ही मिनटों में सडक़ पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक फंस गए, वहीं बसें और ऑटो बीच सडक़ पर अटक गए।
रंग महल टॉकीज मार्ग, रोशनपुरा, न्यू मार्केट, लिंक रोड नंबर-1 और टीटी नगर स्टेडियम मार्ग पर वाहनों की लाइनें लगभग एक किलोमीटर तक लग गईं। इस दौरान कई लोग पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचे, जबकि कुछ को साइड गलियों से होकर निकलना पड़ा। सूचना मिलते ही टीटी नगर ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सिग्नल को मैनुअल मोड पर चलाकर ट्रैफिक नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, बढ़ती भीड़ और शाम के समय भारी वाहनों की आवाजाही के कारण स्थिति को सामान्य करने में करीब 45 मिनट का समय लग गया।
ट्रैफिक एएसआई ने बताया कि सिग्नल में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी। कंट्रोल रूम से संपर्क कर सिस्टम को रीसेट करने की प्रक्रिया शुरू की गई और तब जाकर ट्रैफिक सामान्य हो सका। जाम में फंसे लोगों ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की संख्या कम होने और वैकल्पिक व्यवस्था न होने से स्थिति और बिगड़ गई। कई लोग ऑफिस से घर लौट रहे थे, वहीं कुछ लोग बच्चों को कोचिंग या बाजार से लेने जा रहे थे। जाम के कारण सडक़ पर हॉर्न बजाने और अव्यवस्था की स्थिति बन गई।







