कजलीखेड़ा में देर रात हवाई फायरिंग, इलाके में दहशत; पुरानी रंजिश में वारदात

कजलीखेड़ा में देर रात हवाई फायरिंग, इलाके में दहशत; पुरानी रंजिश में वारदात
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 3 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो बदमाशों ने सरेआम हवाई फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों में दुबक गए। पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित अजय बैरागी शिकायत दर्ज कराने कजलीखेड़ा थाने पहुंचे। फरियादी का आरोप है कि पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज करने के बजाय उन्हें थाने से वापस लौटा दिया।
पुलिस ने खारिज किए आरोप
दूसरी ओर, थाना प्रभारी पल्लवी पांडे ने पुलिस पर लगे सभी ढिलाई के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने बताया कि वारदात का मुख्य आरोपी बैरागढ़ चीचली निवासी जीतू यादव है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में कोई कोताही नहीं बरती है; फरियादी पक्ष थाने में मौजूद है और नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वीडियो से आरोपियों की तलाश शुरू
पुलिस अब वायरल वीडियो और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर कितने लोग मौजूद थे और विवाद की तात्कालिक वजह क्या थी।







