मध्य प्रदेश

धार में भयावह सड़क दुर्घटना, मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, एक दर्जन की मौत, इंदौर अहमदबाद हाइवे पर हादसा

इंदौर, यशभारत। धार जिले के तिरला थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। इंदौर अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटे के पास मजदूरों से भरी पिकअप वाहन और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 30–35 मजदूर सवार थे, जो अमझेरा की ओर जा रहे थे। रात करीब 8:15 से 8:20 बजे के बीच अचानक पिकअप वाहन असंतुलित हुआ और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। टक्कर के बाद पिकअप पलट गई, जिससे उसमें सवार मजदूर नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। सड़क पर कई घायल मजदूर पड़े हुए थे, जिससे स्थिति बेहद गंभीर और संवेदनशील बन गई।
घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घायलों को तत्काल धार जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के आने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं, जबकि अन्य तीन मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
सूचना मिलते ही तिरला थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों की गंभीरता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button