दिनदहाड़े 10 लाख की चोरी, जेवर-नकदी के साथ तलाक के दस्तावेज भी गायब, दर्शन कर लौटे गृहस्वामी ने देखा बिखरा सामान,
निमिया मोहल्ला में सूने मकान को बनाया निशाना, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत निमिया मोहल्ला में सोमवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर के ताले तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति ले गए। वारदात में घर में रखे तलाक संबंधी दस्तावेज भी गायब मिले। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रत्नेश कुमार नेमा के घर कन्या भोज का आयोजन किया गया था। इसके बाद वे सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे जालपा मढ़िया में दर्शन और प्रसाद चढ़ाने के लिए घर से निकले थे। करीब 1:30 बजे वापस लौटने पर उन्हें मकान के मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर के कमरों तक के ताले टूटे मिले। घर का सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारियों में रखे कीमती जेवरात व नकदी गायब थी। तलाक संबंधी दस्तावेज भी नहीं मिले, जिससे मामला और चौंकाने वाला हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नजर आने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। चोरी में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और तलाक संबंधी दस्तावेज ले जाने के पीछे क्या वजह रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।








