भोपाल के कोच कारखाने में पहली बार एयर सस्पेंशन बोगी तैयार

भोपाल के कोच कारखाने में पहली बार एयर सस्पेंशन बोगी तैयार
– कॉइल स्प्रिंग बोगी को आधुनिक एयर सस्पेंशन प्रणाली में बदला, यात्रा को आरामदायक बनाने की दिशा में पहल
भोपाल, यश भारत। रेल यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक बनाने की दिशा में पश्चिम मध्य रेल के भोपाल स्थित सवारी डिब्बा पुनर्वास कारखाने (सीआरडब्ल्यूएस) ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कारखाने में पहली बार कॉइल स्प्रिंग बोगी को एयर सस्पेंशन बोगी में बदलने का काम सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इस तकनीक से रेल यात्रा के दौरान झटकों और कंपन को कम करने में मदद मिलेगी, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर का अनुभव मिल सकता है।
इस तकनीकी बदलाव के लिए कारखाने में विशेष उपकरण तैयार किया गया। इसकी मदद से बोगी के निचले ढांचे में एयर सस्पेंशन प्रणाली लगाने के लिए चारों कंसोल को निर्धारित स्थान पर सटीकता से स्थापित किया गया। पुराने कंसोल को नए कंसोल और ब्रैकेट से बदलने का काम तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण था, जिसे कारखाने के कर्मचारियों ने सफलतापूर्वक पूरा किया।
रेलवे के अनुसार, इस पहल से उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर कोचों में सुधार करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। एयर सस्पेंशन प्रणाली लंबी दूरी की यात्रा में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने में उपयोगी हो सकती है। साथ ही, विशेष उपकरण विकसित होने से भविष्य में इस तरह के तकनीकी कार्य अधिक सटीकता से किए जा सकेंगे।







