दर्दनाक हादसा : आटा चक्की की बेल्ट में फंसी महिला, शरीर कटकर कई टुकड़ों में बंटा..

रीवा lमऊगंज जिले के सेंगरवार कुर्मियान गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा घटित हो गया। गांव के रामनारायण पटेल की 42 वर्षीय पत्नी रामरती देवी की आटा चक्की की बेल्ट में फंसने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि हादसा इतना भीषण था कि महज एक मिनट से भी कम समय में महिला का शरीर कई टुकड़ों में कट गया।
रामरती देवी अपने पति के साथ मिलकर आटा चक्की और तेल मिल में हाथ बंटाती थी। एक ग्राहक को तेल देने के लिए जैसे ही वह मशीन के पास पहुंची, उसका पल्लू 15 हॉर्सपावर वाली मोटर की बेल्ट में फंस गया। बेल्ट की तीव्र गति और ताकत से महिला मशीन में खिंचती चली गई और शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और मशीन को बंद किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, शव के टुकड़ों को पोटली में बांधकर नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्चुरी भेजा गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
रामरती देवी के चार संतानें हैं
तीन बेटियां और एक बेटा। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। परिवार की माली हालत बेहतर करने के लिए पति-पत्नी साथ मिलकर व्यवसाय चला रहे थे। रामनारायण ने आठ साल पहले तेल मिल और चक्की की शुरुआत की थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह ने बताया की कार्रवाई जारी है l







