रील बनाने का खतरनाक जुनून बना मौत की वजह: मऊगंज हाईवे पर दर्दनाक हादसे में 3 युवकों की मौत, 2 गंभीर
उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए

रील बनाने का खतरनाक जुनून बना मौत की वजह: मऊगंज हाईवे पर दर्दनाक हादसे में 3 युवकों की मौत, 2 गंभीर
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में मंगलवार को नेशनल हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए रील बना रहे थे, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ईंट से लदे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया।यह हादसा मऊगंज थाना क्षेत्र के पन्नी पथरिया स्थित नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां दो बाइकों पर सवार कुल पांच लोग इसकी चपेट में आ गए। पहली बाइक के हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी उसी खड़े ट्रेलर से टकरा गई, जिससे उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को पहले मऊगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए रीवा रेफर कर दिया गया। पहचान उपलक्ष कोल (17), अमरीश कोल (22) और हेमराज कोल (17) के रूप में हुई है, जो लौर थाना क्षेत्र के बेला गांव के निवासी थे। वहीं घायलों में चितपुरवा गांव के सगे भाई प्रशांत द्विवेदी और प्रदीप द्विवेदी शामिल हैं।
घटना स्थल से एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।







