मध्य प्रदेशराज्य
भीषण हादसा: सतना-चित्रकूट मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटी नफीस ट्रेवल्स की बस, 25 यात्री घायल,तीन की हालत गंभीर, ऑटो को बचाने के चक्कर में हाटी मोड़ के पास हुई दुर्घटना

सतना यश भारत |सतना से चित्रकूट जा रही नफीस ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार बस (MP 17 P1108) मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे हाटी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 25 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में तीन की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
तेज रफ्तार और अचानक सामने आया ऑटो बना वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी अधिक थी। जैसे ही बस हाटी मोड़ के पास पहुँची, सामने से अचानक एक ऑटो आ गया। ऑटो को सीधी टक्कर से बचाने के प्रयास में बस चालक ने तेजी से स्टयरिंग घुमाया, जिससे वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
रेस्क्यू ऑपरेशन और उपचार
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुँची और 112 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. शरद दुबे ने बताया, “कुल 25 घायल अस्पताल लाए गए हैं। इनमें से दो महिलाओं सहित तीन यात्रियों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें हैं, जिन्हें आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया गया है। 10 अन्य यात्रियों का वार्ड में उपचार जारी है, जबकि शेष को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।”
हादसे में एक चमत्कारिक बचाव भी देखने को मिला। सीधी निवासी दयाशंकर केवट अपनी एक वर्षीय बेटी की आँख का इलाज कराने चित्रकूट स्थित जानकीकुंड अस्पताल जा रहे थे। दुर्घटना के समय मासूम पिता की गोद में थी। बस पलटने के बावजूद मासूम पूरी तरह सुरक्षित है, जबकि दयाशंकर को मामूली चोटें आई हैं।
सिविल लाइन पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या दुर्घटना के समय बस की फिटनेस सही थी और क्या क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। फिलहाल बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
——————————






