कटनी

दबोचे गए चाकूबाजी के फरार आरोपी, शादी समारोह में मामूली बात पर हुई थी वारदात, बक्सवाहा से गिरफ्तारी

कटनी/रैपुरा, यशभारत। शादी समारोह की खुशियों के बीच खून खराबा कर पुलिस को चकमा दे रहे दो शातिर हमलावरों को आखिरकार कानून के लंबे हाथों ने दबोच लिया है। थाना प्रभारी श्रीमती स्मिता सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पिछले कई दिनों से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को बक्सवाहा से गिरफ्तार कर लिया है। घटना बीती 13 मई की है, जब ग्राम अधराड़ में एक शादी समारोह चल रहा था। तभी चाट-फुल्की के ठेले पर मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते इस विवाद ने इतना खौफनाक मोड़ ले लिया कि आरोपियों ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में चार लोग लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमे सौरभ लोधी 17 वर्ष निवासी रैपुरा, शिवम लोधी 18 वर्ष निवासी रैपुरा, राजकिशोर लोधी 35 वर्ष निवासी बसेहड़ी, कुलदीप रैकवार निवासी अधराड़ शामिल है। इस वारदात के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल था और आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे। थाना प्रभारी स्मिता सिंह बघेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया। मुखबिरों की सूचना और सटीक रणनीति के बल पर पुलिस टीम ने 4 जून को बक्सवाहा में दबिश देकर दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर ली गई है। थाना प्रभारी की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हडक़ंप मच गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button