कटनी

तेलंगाना पुलिस की कस्टमी से फरार आरोपी का नहीं मिला सुराग, जीआरपी व आरपीएफ कर रही तलाश, खंगाले सीसीटीव्ही फुटेज, कटनी स्टेशन में हथकड़ी सहित फरार हुआ आरोपी

कटनी, यशभारत। चलती ट्रेन से तेलंगाना पुलिस की कस्टडी से फरार आरोपी का अब तक पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन अभी तक पुलिस को आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार हैदराबाद के नाचाराम थाने में दर्ज आम्र्स एक्ट के एक मामले में तेलंगाना पुलिस ने बिहार के पश्चिम चंपारण बगहा से चार आरोपियों आशीष कुमार, संदीप महाजन, शशि कुमार और संदीप कुमार को गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर ट्रेन संख्या 12792 दानापुर सिकंदराबाद एक्सप्रेस से तेलंगाना जा रही थी। ट्रेन जैसे ही कटनी रेलवे स्टेशन पर रुकी, एक पुलिसकर्मी आरोपी संदीप कुमार पिता हरिशचंद्र को शौचालय ले गया। इसी दौरान संदीप ने चालाकी दिखाते हुए हथकड़ी से अपना हाथ बाहर खींच लिया और ट्रेन से कूदकर स्टेशन के अंधेरे का फायदा उठाते हुए ओझल हो गया। कुछ देर बाद आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आते ही तेलंगाना पुलिस ने तत्काल कटनी जीआरपी को सूचना दी। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने रेलवे स्टेशन परिसर, कटनी मुड़वारा, कटनी साउथ स्टेशन और आउटर क्षेत्र में तलाशी शुरू कर दी।जीआरपी ने मामला दर्ज कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन पुलिस को अब आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के संबंध में तेलंगाना पुलिस की ओर से कटनी जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। अब पुलिस रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके।
बिहार में संभावित ठिकानों पर भी नजर
फरार आरोपी संदीप कुमार पश्चिम चंपारण बिहार के बगहा का निवासी है। ऐसे में पुलिस उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल जीआरपी आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर दोबारा हिरासत में लेना है।
इनका कहना है
कटनी जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि फार आरोपी की तलाश की जा रही है। स्टेशन के बाहर लगे कैमरों सहित अन्य स्थानों की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। आवश्यकता पडऩे पर जीआरपी की टीम को बिहार भी भेजा जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button