तेज रफ्तार ट्रक का कहर, सड़क किनारे खड़ी बोलेरो को मारी पीछे से ठोकर, दूल्हा-दुल्हन सहित कई घायल, जुहला बायपास के पास हादसा

कटनी, कटनी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग पर जुहला बायपास पर बेलगाम रफ्तार से भाग रहे ट्रक ने बोलेरो में पीछे से ठोकर मार दी। इस सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद एनकेजे पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शहडोल जिले के बेनीबारी गांव से दूल्हा-दुल्हन को विदा कराकर परिजन दमोह जिले के हटा क्षेत्र स्थित ग्राम हरदीटोला लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार कटनी के जुहला बाईपास के पास पहुंची, कार सवार लोग निस्तार के लिए सड़क किनारे रुके। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बोलोरो कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायलों में दूल्हा रामा बंजारा (23 वर्ष), दुल्हन लीला बंजारा (25 वर्ष), काठा बंजारा, चन्नू बंजारा सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शादी के बाद घर लौट रहे परिवार के साथ हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच गए।







