तीन बजे स्कूल में ताला लगाकर घर चले गए मास्साब… ढीमरखेड़ा विकासखण्ड के खंदवारा हाईस्कूल का मामला, जांच के लिए पहुंच रहे अफसर

कटनी/उमरियापान, यशभारत। राज्य सरकार का निर्देश है कि कक्षा पहली से कक्षा बारहवीं तक के शासकीय स्कूल सुबह 10.30 बजे लगे और शाम 4.30 बजे छुट्टी की जाए लेकिन ढीमरखड़ा विकासखण्ड के कई स्कूल ऐसे हैं, जो समय से पहले कभी खुलते नहीं और समय से पहले ही बंद कर दिए जाते हैं। ताजा मामला ढीमरखेड़ा विकासखण्ड के खंदवारा हाई स्कूल का सामने आया है, जो हमेशा शिकायतों के कारण सुर्खियों में बना रहता है। कल मंगलवार को मीडिया कर्मी खंदवारा, सारंगपुर गांव किसी कार्य से गए थे, वापस लौटते समय दोपहर 3 बजे खंदवारा हाईस्कूल में नजर पड़ी तो ताला लगा था। ग्रामीणों से जब इस संबंध में जानकारी जुटाई गई तो पता चला की हाईस्कूल के प्रभारी अनिल मिश्रा छात्र-छात्राओं की समय से पहले छुट्टी कर 2.30 बजे से 3 बजे के बीच में स्कूल में ताला लगाकर घर के लिए रवाना हो गए थे।
9वीं, 10वीं का पेपर था तो बाकी छात्राओं की छुट्टी क्यों ?
जानकारी के अनुसार कल मंगलवार को कक्षा 9वीं, 10वीं का अर्धवार्षिक परीक्षा का अंतिम पेपर था, जो सुबह 10 बजे से शुरू हुआ और दोपहर 1 बजे समाप्त हो गया था। लेकिन हाई स्कूल के प्रभारी अनिल मिश्रा ने पूरे स्कूल की छुट्टी कर 2.30 बजे से 3 बजे के बीच में ही स्कूल में ताला लगाकर घर रवाना हो गए। वहीं ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया की प्रभारी अनिल मिश्रा द्वारा छात्र-छात्राओं से जबरन पूरे स्कूल में झाडू लगवाते हैं। इतना ही नहीं प्रभारी द्वारा छात्र-छात्राओं से कहा जाता है की स्कूल में पढऩा है तो झाडू लगानी ही पड़ेगी, जबकि पूर्व में झाडू लगाने को लेकर ही प्रभारी अनिल मिश्रा और छात्र-छात्राओं के अभिभावकों में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है उसके बाद भी प्रभारी अपनी अकड़से बाज नहीं आ रहे हैं।
संकुल प्रभारी का अजीबो-गरीब जवाब
जब इस मामले में संकुल प्रभारी गोमती बेन से बात की गई, तो उनके द्वारा अजीबो-गरीब जवाब दिया गया। संकुल प्रभारी ने कहा कि प्रभारी अनिल मिश्रा भले ही चले गए हों, लेकिन बाकी स्टाफ वहीं पर क्रिकेट खेल रहा होगा। आखिर ऐसे रवैए से कैसे संवरेगा बच्चों का भविष्य, जब समय से पहले ही स्कूल में ताला लगा दिया जाएगा और स्कूल खुले भी तो पढ़ाने वाले ही नदारद रहें। अब देखना यह है की शिक्षा विभाग के जिम्मेदार लोग खंदवारा हाई स्कूल के प्रभारी अनिल मिश्रा को नोटिस जारी कर जवाब तलब करते हैं या अपना रवैया बरकरार रखने के लिए प्रभारी को खुली छूट दिए रखते हैं।
इनका कहना है
खंदवारा हाई स्कूल का मामला संज्ञान में आया है, आज ही में मौके पर जाकर जांच करूंगा। लापरवाही पाई जाने पर कार्यवाही की जाएगी।
-लखन बागरी, प्रभारी बीईओ ढीमरखेड़ा







