पुलिस ने नशे के सौदागरों से 5 दिन, 2.17 करोड़ का माल किया जब्त

पुलिस ने नशे के सौदागरों से 5 दिन, 2.17 करोड़ का माल किया जब्त
कहीं ड्रोन से पकड़ी गांजे की खेती, तो कहीं बैग में मिला नशा; एमपी पुलिस की प्रदेशव्यापी कार्रवाई
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के सौदागरों की कमर तोड़ दी है। पिछले 5 दिनों में प्रदेशभर में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 2 करोड़ 17 लाख रुपये से ज्यादा के ड्रग्स, गांजा और डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।

जंगल में ड्रोन ने खोज निकाली खेती
नीमच पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई की। दुर्गम पहाड़ियों और जंगलों में छिपाई गई गांजे की खेती को खोजने के लिए पुलिस ने ड्रोन उड़ाए। आसमान से मिली सटीक लोकेशन के बाद पुलिस ने छापा मारकर 14 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया। इसकी कीमत 1.21 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
ट्रक से हो रही थी तस्करी
इंदौर पुलिस ने ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत एक बड़े ट्रक को पकड़ा, जिसमें 35 लाख रुपये का डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा था। वहीं शहर के दूसरे हिस्से से ब्राउन शुगर के साथ भी एक आरोपी को दबोचा गया।
रतलाम और जबलपुर में भी एक्शन
रतलाम: यहाँ पुलिस ने रेलवे स्टेशन और सड़कों पर घेराबंदी कर 51 लाख रुपये से ज्यादा का डोडाचूरा पकड़ा।
जबलपुर: शहर में गश्त के दौरान पुलिस ने बैग लेकर जा रहे संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर युवक और युवतियों के पास से भारी मात्रा में गांजा मिला।
पुलिस अब केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि जंगलों और खेतों में भी हाईटेक तकनीक (ड्रोन) के जरिए तस्करों को ढूंढ रही है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक नशे का जाल पूरी तरह खत्म न हो जाए।







