ढोल धमाकों के बीच उमंग और उत्साह के साथ मनाई जा रही नागपंचमी, मंदिरों में कहीं दुग्धाभिषेक तो कही अखंड कीर्तन का आयोजन

कटनी, यशभारत। जिले भर में आज नागपंचमी पर नागदेवता का विशेष पूजन किया जा रहा है। नाग पंचमी पर भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार करने के साथ ही महारुद्राभिषेक कर लोग नागदेवता की पूजा कर रहे है। आज के दिन कालसर्प योग निवारण व राहु केतु के लिए विशेष पूजन अर्चन किया जाता है। सुबह से ही गली मोहल्लों में ढोल धमाकों की धूम सुनाई दे रही थी। कई जगह सुबह प्रभात फेरियां निकाली गई तो घरो में मंदिरों और अखाड़ों में नागदेवता का विशेष पूजन अर्चन किया गया। जानकारी के अनुसार सावन माह शुक्लपक्ष की पंचमी नागपंचमी पर देवालयों समेत कई स्थानों पर अनुष्ठान हो रहे हैं। शहर के विश्वकर्मा पार्क पर स्थित प्राचीन मघई मंदिर, प्रसिद्व सुख्खन अखाड़ा सहित तमाम मंदिरों में आज नागपंचमी के अवसर पर विशेष अनुष्ठान पूजन सुबह से ही प्रारंभ हो कर देर शाम तक चलता रहा है। आजाद वार्ड के गाटरघाट स्थित करमुखा बाबा नागदेवता के मंदिर में आज नागपंचमी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने यहां पहुंचकर पूजा अर्चना की और आरती उतारकर प्रसाद वितरित किया। यहां हर साल नागपंचमी का पर्व उत्साह के साथ मनाया जाता है।







