कटनीमध्य प्रदेश

जिले के अन्य क्षेत्रों में भी खुले शाखाएं : अशोक विश्वकर्मा, यूको बैंक द्वारा कस्टमर मीट का आयोजन

IMG 20260106 WA0014कटनी, यशभारत। यूको बैंक की बरखेड़ा शाखा द्वारा गत दिवस ग्राहक सेवा समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथि के रूप में जिला शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों एवं बैंक के अधिकारियों ने वीणावादिनी मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यापर्ण किया एवं दीप प्रज्वलित किया, इसके उपरांत बैंक के अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तावना के सम्बंध में जानकारी दी गई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने यूको बैंक के अधिकारियों को इस आयोजन के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि यूको बैंक सार्वजनिक क्षेत्र का एक प्रमुख वाणिज्यिक बैंक है, जिसकी स्थापना 1943 में हुई थी। उस समय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने यूको बैंक में पहला खाता खोला था। उन्होंने आव्हान किया कि जिस तरह यहां शाखा संचालित की जा रही है, उसी तरह जिले के अन्य क्षेत्रों में भी यूको बैंक की शाखाएं संचालित की जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी खाता खोलकर न केवल अपनी बचत कर सकें, बल्कि बैंक की योजनाओं का लाभ उठा सकें। श्री विश्वकर्मा ने कहा कि कटनी औद्योगिक जिला है। यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं और सभी लोग मिलकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें तो कटनी जिला विकास की नई इबारत लिख सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश का महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन होने के साथ ही कटनी मध्यप्रदेश में दूसरे नम्बर पर राजस्व देने वाला जिला है। कटनी से प्रतिदिन 230 ट्रेने होकर गुजरती है और 15 से 18 हजार यात्री सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से हम कटनी का विकास कर सकते हैं।
अपने ग्राहकों को कई तरह की सुविधा दे रहा बैंक
बैंक के अधिकारियों ने बताया कि यूको बैंक अपने ग्राहकों को बचत, चालू, सावधि जमा, ऋण, इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और निवेश विकल्प प्रदान करता है, जिससे लोग कहीं से भी और कभी भी बैंकिंग का लाभ उठा सकें। कस्टमर मीट के दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा ग्राहकों को होम, कार, ओडी लोन एवं एमएसएमई लोन से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही बैंक की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं से अवगत कराया गया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, जनपद पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष जगदीश उरमलिया, अंचल प्रबंधक अक्षय कुमार, मुख्य प्रबंधक शांति लाल सोनाथी, शाखा प्रबंधक आर्य कुमारी, पंकज खम्परिया, अनंत राय, विशाल भक्तानी, विकास गुप्ता, आनंद चतुर्वेदी, संजय होतवानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जोनल रिसोर्सेज हेड श्री सोनार्थी द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने ग्राहकों के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button