देश
जिम्मेदार नींद में : फुटपाथ पर बैठकर स्वदेशी सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों से भी टेक्स वसूल रहा नगर परिषद डिंडोरी

यश भारत डिंडोरी l देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने के लिए आमजनों और देशवासियों से अपील कर रहे हैं,ताकि स्वदेशी सामग्री की ज्यादा से ज्यादा खरीदी हो और लोग आत्मनिर्भर बने। वही डिंडोरी नगर परिषद के जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की सांठगांठ और मनमानी के चलते नीका ट्रेडर्स के कर्मचारी और कर्ताधर्ता फुटपाथ में बैठने वाले छोटे दुकानदारों से टैक्स की राशि वसूल रहे हैं। जहां दीपावली त्यौहार में शासन स्वदेशी सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों को शासन से टैक्स में छूट दे रखा है वहीं दूसरी ओर नगर परिषद डिंडोरी के जिम्मेदार राहत देनें के बदले नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। और ये उल्टा वसूली में लगे हैं जो शर्म की बात हैं।
हालांकि जैसे ही इस मामले में नगर परिषद डिंडोरी के अधिकारियों को पता चली तो टेक्स वसूलने वाली टेंडर कंपनी को तुरन्त फुरंत नोटिस जारी कर मामले से पल्ला झाड़ लिया और अनुबंध के प्रतिकूल कार्य करने वाले को एक नोटिस देकर जबाव प्रस्तुत करने आदेशित किया गया है। इस तरह की मनमानी नगर परिषद डिंडोरी की आदतों में है चाहे वह फ्लेक्स बोर्ड टेंडर हो या शहर में आने वाले भारी या हल्के वाहनों की वसूली का हो, हमेशा ही इनकी कारस्तानी सामने आती रहती है। अब देखना यह है कि इस पूरे मामले में प्रशासन तगड़ी कार्यवाही करता है या खानापूर्ति कर नियमावली से खिलवाड़ करने वाले ठेकेदार को अभयदान दिया जाएगा।
इनका कहना है …
ठेकेदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है उचित जबाव ना देंगे पर विधि संगत कार्यवाही करेंगे |
अमित तिवारी, सीएमओ नगर परिषद डिंडोरी





