जाम से निपटने कप्तान ने संभाला मोर्चा, बरगवां, मिशन चौक एवं चांडक चौक का निरीक्षण, बैरिकेट लगाकर यातायात को किया नियंत्रित, सांकेतिक चिन्ह भी लगाए गए

कटनी, यशभारत। सोमवार की शाम शहर में लगे महाजाम के बाद पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी एक्टिव मोड पर नजर आ रहे हैं। मंगलवार की शाम पुलिस कप्तान अभिनय विश्वकर्मा स्वयं सडक़ों पर उतरे और मोर्चा संभाला। उन्होंने सीवर लाइन निर्माण की वजह से लगे रहे जाम से प्रभावित इलाकों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए बरगवां, मिशन चौक एवं चांडक चौक का निरीक्षण किया एवं जाम की स्थिति का जायजा लिया।
सीवर लाइन निर्माण के चलते आवागमन प्रभावित
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सीवर लाइन निर्माण कार्य के चलते मार्ग के वन वे हो जाने से आवागमन प्रभावित हुआ एवं यातायात बाधित हुआ। निरीक्षण के उपरांत यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर को यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि संबंधित क्षेत्रों में पर्याप्त बैरिकेडिंग, सांकेतिक संकेतक एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन की बैठक में लिए गए कई निर्णय
समस्या के स्थायी एवं प्रभावी निराकरण के लिए प्रशासनिक स्तर पर आकस्मिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कलेक्टर आशीष तिवारी, नगर निगम कमिश्नर सुश्री तपस्या परिहार एवं सीवर लाइन निर्माण कार्य से संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में आमजनहित को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में शहरवासियों को यातायात संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के उपरांत संबंधित क्षेत्रों में बैरिकेड्स एवं सांकेतिक चिन्ह लगाए गए तथा यातायात पुलिस द्वारा सतत मुस्तैदी के साथ ड्यूटी संपादित की गई, जिसके परिणामस्वरूप यातायात व्यवस्था सुचारु एवं व्यवस्थित बनी रही तथा जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, सूबेदार सोनम उइके, उप निरीक्षक सुदामा प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर बागरी, आरक्षक राजकुमार, सुरेन्द्र तथा सैनिक सुरेन्द्र निगम, राकेश बडग़ैयां एवं मनीष बर्मन सहित थाना यातायात के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






