जबलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कांबिंग गश्त में 263 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी पकड़े गए

जबलपुर।जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से फरार आरोपियों के खिलाफ कुल 263 वारंट तामील किए।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन-यह विशेष कांबिंग गश्त 25 अप्रैल की रात 9 बजे से 26 अप्रैल की रात 2 बजे तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ संचालित की गई। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी ने किया।
टीम बनाकर की गई छापेमारी-शहर एवं देहात के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में थाना प्रभारी, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। इन टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर फरार आरोपियों की तलाश की।
263 वारंट तामील, कई पुराने आरोपी गिरफ्तार,कांबिंग गश्त के दौरान—131 गैर-म्यादी वारंट,77 गिरफ्तारी वारंट,55 जमानती वारंट.तामील किए गए। पुलिस के अनुसार अधिकांश आरोपी लंबे समय से फरार थे और कानून से बचते फिर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसपी बोले—अपराधियों पर सख्ती जारी रहेगीपुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखना और कानून का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को पकड़ना जरूरी है जो लंबे समय से फरार हैं और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
संदिग्धों और वाहनों की सघन जांच,-कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की चेकिंग के साथ-साथ देर रात घूमने वाले लोगों से पूछताछ की। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई।







