
जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्दीकोरी की दफाई में शुक्रवार दोपहर एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में एक भाई ने अपने ही बड़े भाई और भाभी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, बबलू चौधरी और उनके भाई संजय चौधरी के बीच प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में बबलू ने धारदार हथियार से संजय और उनकी पत्नी बबीता पर हमला कर दिया। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया।

आरोपी बबलू चौधरी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। इस दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत और सन्नाटा पसर गया है।







