जगन्नाथ के भात को जगत पसारे हाथ….शहर में रथयात्रा महोत्सव की धूम, बारिश की फुहारें भी कम नहीं कर पाई श्रद्धालुओं का उत्साह

कटनी, यशभारत। अपार श्रद्धाभाव के साथ शहर में रथयात्रा निकाली जा रही है। बारिश की फुहारों ने हालांकि सड़कों को गीला कर दिया लेकिन लोगों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई। झांकियों, भजन और चांचर मंडलियों की प्रस्तुति के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान जगन्नाथ स्वामी के दर्शन किए और भात, जामुन, दाल, लड्डू का भोग चढ़ाया। जगन्नाथ के भात को जगत पसारे हाथ..की गूंज पूरे जुलूस मार्ग पर सुनाई दे रही थी।
चांडक चौक स्थित जगन्नाथ स्वामी मंदिर से विधिवत पूजन और आरती के साथ प्रारंभ हुई रथयात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। रथयात्रा से पूर्व भगवान का 1100 दीपों से भव्य महाआरती कर विशेष श्रृंगार एवं प्रसाद अर्पित किया गया। महाआरती के दिव्य दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रथयात्रा जगन्नाथ चौक स्थित श्री जगदीश स्वामी मंदिर से प्रारंभ होकर आजाद चौक, शेर चौक, सुक्खन चौक, झंडा बाजार, सुभाष चौक सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई सब्जी मंडी स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुँची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जगह-जगह आरती व प्रसाद वितरण किया। हजारों भक्तों ने रथ के दर्शन कर प्रभु के समक्ष शीश नवाया।
आदिवासी नृत्य बना आकर्षण का केंद्र
शहर के रथयात्रा महोत्सव में विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ का आदिवासी लोक नृत्य, केरल का भक्ति बैंड तथा दिल्ली इस्कॉन की भजन मंडली रही। भक्ति संगीत, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रथयात्रा के दौरान बागेश्वर धाम शिष्य मंडल द्वारा आजाद चौक में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में आरती में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी अवसर पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भी विशेष धार्मिक आयोजन किए गए।
इन संस्थाओं का रहा सहयोग
महोत्सव के आयोजन में श्री जगदीश स्वामी मंदिर समिति एवं श्री संक्रांति सेवा समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मिलन ग्रुप, शिव शक्ति महिला मंडल, बजरंग बाल रामायण समाज परिवार, यूथ कटनी, नारी शक्ति तथा श्री काल भैरव समिति सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। रथयात्रा में विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। श्री जगन्नाथ महोत्सव के अंतर्गत भगवान श्री जगन्नाथ 17 से 22 जुलाई तक श्री राधाकृष्ण मंदिर में विश्राम करेंगे। 23 जुलाई को माता जानकी की शोभायात्रा, 24 से 26 जुलाई तक प्रतिदिन भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 जुलाई को हवन-पूजन, ब्राह्मण एवं कन्या भोज तथा विशाल महाभंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।








