जंगल में दफ्न हो गई प्रेम कहानी: अधूरा प्यार, खौफनाक अंत: वैलेंटाइन-डे पर साथ घर छोड़ा, साथ मिले कंकाल

रीवा । जवा थाना क्षेत्र के जनकहाई जंगल में क्षत-विक्षत हालत में दो शव मिले हैं। कपड़ों से मृतक की शिनाख्त 3 माह से लापता नाबालिग लड़का-लड़की के रूप में हुई है। इनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज थी। पुलिस ने बताया कि ये दोनों वेलेनटाइन-डे से लापता थे। आशंका जताई गई है कि दोनों ने जंगल में जाकर सुसाइड किया है।
जवा थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि लापता लड़के का भाई जंगल में पत्ती तोड़ने गया था, जहां उसे दुर्गंध आई। वह कुछ आगे बढ़ा तो लापता भाई का जूता दिखा। इसके बाद उसे वहां दो शव दिखे।
वह अपने लापता भाई के कपड़े पहचान गया। इसकी जानकारी मिलते ही गांव के लोग एकत्रित हो गए और लापता लड़की की भी कपड़ों से परिजन ने पहचान कर ली।
कंकाल में तब्दील हो चुके शव को पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय भेजा गया है, जहां गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद साफ होगा कि मौत आखिर कैसे हुई है।नाबालिगों के लापता होने के बाद इनके मोबाइल भी बंद हो गए थे।
परिजन मान रहे थे कि दोनों कहीं बाहर चले गए हैं। पुलिस भी यही मान चुकी थी कि दोनों यहां से बाहर चले गए हैं। लेकिन लापता होने के 3 माह बाद दोनों के शव मिले गए हैं। ऐसा लगता है कि जानवरों ने भी इनके शवको नोचा है।







