छत्तीसगढ़ से ऑपरेट हो रहा हवाला नेटवर्क, क्रिकेट सट्टे की रकम को हवाला के जरिए ठिकाने लगाने का खेल, बैंकों में खुलवाए खाते, लाखों का संदिग्ध लेन-देन, बड़े गिरोह का खुलासा

कटनी, यशभारत। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के माध्यम से रातोंरात अमीर बनने की चाहत लेकर बड़ी संख्या में शहर और माधवनगर के युवा इस गोरखधंधे में शामिल हो गए हैं। सट्टे से होने वाली काली कमाई को हवाला के माध्यम से ठिकाने लगाया जाता है। इसके लिए अपने दोस्तों और परिचितों के दस्तावेज लेकर बैंकों में खाते खुलवाए जाते हैं और फिर उन बैंक खातों में लाखों रूपए का संदिग्ध लेने-देन किया जाता है। इस तरह के तीन मामले पिछले कुछ दिनों में सामने आ चुके हैं। पुलिस ने जब इन मामलों की गहराई से जाकर जांच पड़ताल की तो कई आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए और एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। जिसको छत्तीसगढ़ के कई शहरों से ऑपरेट किया जाता है। पुलिस इस गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।
पांच बैंकों खातों से लेनदेन, 10 खातों को किया ऑपरेट
माधवनगर में एक कपड़ा कारोबारी द्वारा कर्मचारी का फर्जी तरीके से बैंक खाता खोलकर करोड़ों रुपए का लेनदेन किया गया। यह लेनदेन न सिर्फ ब्लैक मनी को व्हाइट में बदलने के लिए किया गया, बल्कि ऑनलाइन सट्टे से भी इसके तार जुड़े हैं। जुहली निवासी अमित दाहिया का बंधन बैंक माधवनगर में खाता खुलवाया गया। इस खाते से लाखों रुपए के फर्जी तरीके से लेनदेन किए गए। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू की। योगेश नामक व्यक्ति ने इस पूरे खेल में किराये के खातों का उपयोग किया। पुलिस को जांच में तीन संदिग्ध खाते मिले, जिनमें उसने कमीशन व किराये पर ऑपरेट करता था।
प्रारंभिक जांच में एक करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन
जांच में पुलिस ने अमित के खाते में प्रारंभिक जांच में एक करोड़ रुपए से अधिक का ट्रांजेक्शन होना पाया। पुलिस ट्रांजेक्शन के स्टेटमेंट व बिलों का स्टेटमेंट को देख रही है कि वास्तव में इसका उपयोग व्यापार के लिए हुआ है या फिर अन्य किसी काम के लिए। रुपए कहां से आये हैं और किसको गए हैं, इसकी जांच की जा रही है। फर्जी खाते में रुपए डालकर नंबर एक में करने का खेल किया गया है कि नहीं यह भी देखा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि योगेश बजाज की नई बस्ती में साड़ी की दुकान चलाता है और रुपयों के लालच में यह खेल कर रहा है।
ऑनलाइन सट्टे का कारोबार
माधवनगर पुलिस ने बताया कि यह पूरा खेल ऑनलाइन सट्टे से जुड़ा हुआ है। जो टी-20 विश्वकप सहित अन्य मैचों, खेलों व अन्य गतिविधयों में लग रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि किस व्यक्ति ने रुपए लगाए और किनके खातों में रुपए गए हैं। बता दें कि माधवनगर थाना क्षेत्र में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें लोगों के फर्जी तरीके से खाते खोलकर करोड़ों रुपए के ट्रांजेक्शन किए गए हैं।
दोस्त का खुलवाया खाता, फिर किया लेनदेन
रबर फैक्ट्री रोड निवासी अभिषेक तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके दोस्त जालपा वार्ड निवासी योगेश सिंह ठाकुर ने इलाहाबाद बैंक की एनकेजे शाखा में उसका खाता खुलवाया। खाते को ऑपरेट करने के एवज में 10-15 हजार रूपये कमीशन देने की बात कही। खाता खुलने के बाद योगेश ने खाते की पासबुक, एटीएम व एकाउण्ट से लिंक मोबाईल नंबर ले लिया। कुछ दिन बाद बैंक से जानकारी लगी कि खाते में लाखों रूपये का लेनदेन हो रहा है। अभिषेक तोमर ने पुलिस को बताया कि 3 दिनों में खाते में 6 लाख 35 हजार रूपए का संदिग्ध लेन-देन होना पाया गया है। अन्य खातों के बारे में संबंधित बैंकों से जानकारी एकत्रित की जा रही है।
मामला दर्ज कर जांच के लिए टीम गठित
पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने जान पहचान के लोगों को पैसों का लालच देकर अलग-अलग बैंकों में म्यूल एकाउण्ट खुलवाता है और खाते संबंधी दस्तावेज पासबुक, चैक बुक, एटीएम कार्ड और खाते में दर्ज मोबाईल नंबर की सिम को हर्ष नागवानी निवासी गुरूनानक वार्ड, अग्नीज उर्फ सैम चंदनानी निवासी जयप्रकाश वार्ड एवं रजनी यादव निवासी गांधीगंज को देता है। जिसके एवज में प्रति खाते के हिसाब से कमीशन मिल जाता है। पुलिस ने इस मामले में हर्ष नागवानी एवं अग्नीज उर्फ सैम चंदनानी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों द्वारा भी स्वयं म्यूल खाते खोलकर और योगेश सिंह से मिलने वाले म्यूल खातों को रजनी यादव निवासी गांधीगंज को देना बताया गया। आरोपी रजनी यादव की पता तलाश जारी है।
इनका कहना है
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि पूछताछ और विवेचना के बाद सामने आए तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद मिले सुराग के आधार कई आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और कई की तलाश की जा रही है। इस गिरोह को छत्तीसगढ़ से ऑपरेट किया जा रहा है। पुलिस की कोशिश है कि इस पूरे नेटवर्क को तोडक़र आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।






