गेहूं खरीदी का नया रिकॉर्ड, किसानों को 368 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
1.98 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं का उपार्जन, शेष भुगतान और परिवहन कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

गेहूं खरीदी का नया रिकॉर्ड, किसानों को 368 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
1.98 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं का उपार्जन, शेष भुगतान और परिवहन कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
कटनी,यशभारत। रबी विपणन वर्ष में जिले ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। इस वर्ष जिले में 1 लाख 98 हजार 501 मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया, जो जिले के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार गेहूं खरीदी में 42.42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार किसानों को उपार्जित गेहूं के विरुद्ध अब तक 368.26 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शेष किसानों का भुगतान भी शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।कलेक्टर ने उपार्जित गेहूं के परिवहन कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं। बदलते मौसम को देखते हुए उन्होंने समितियों को सतर्क रहने की हिदायत दी है, जिससे खरीदे गए अनाज को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
इस वर्ष किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तथा राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस सहित कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा गया। गेहूं उपार्जन के लिए जिले में 52 हजार 991 किसानों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 37 हजार 76 किसानों ने अपनी उपज का विक्रय किया। वहीं 41 हजार 78 स्लॉट बुक किए गए।रिकॉर्ड उपार्जन और समय पर भुगतान की दिशा में किए गए प्रयासों को जिला प्रशासन ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।







