मध्य प्रदेशराज्य

क्लास रूम में वीडियो बनाना पड़ गया भारी : यू-ट्यूब पर वीडियो पोस्ट करने के आरोप में शिक्षक निलंबित

सागर। शासकीय सांदीपनि महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक आदित्य कुमार पांडेय को विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

 

लोक शिक्षण सागर संभाग के संयुक्त संचालक एसपी सिंह बिसेन ने निलंबन आदेश जारी किया। शिक्षक के खिलाफ अनुशासनहीनता, कक्षा में वीडियो बनाने और बिना अनुमति उन्हें यू-ट्यूब चैनल पर पोस्ट करने सहित कई शिकायतें सामने आई थीं। विभागीय जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।

 

जारी आदेश के अनुसार, शिक्षक के खिलाफ छात्राओं, अभिभावकों और विद्यालय के शिक्षकों की ओर से भी शिकायतें की गई थीं। जांच में शिक्षक और प्राचार्य विनय दुबे के बीच पारिवारिक विवाद के चलते विद्यालय में आए दिन विवाद की स्थिति बनने का उल्लेख किया गया है।

परीक्षा परिणाम की समीक्षा बैठक में भी विवाद

8 जनवरी को विद्यालय में कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई थी। आदेश के मुताबिक शिक्षक बैठक में देरी से पहुंचे। सामाजिक विज्ञान विषय के कम परीक्षा परिणाम को लेकर जानकारी मांगे जाने के दौरान प्राचार्य के प्रति अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप भी जांच में सामने आया।

 

महिला कर्मचारी की शिकायत का भी उल्लेख

निलंबन आदेश में विद्यालय की एक महिला कर्मचारी की ओर से शिक्षक के खिलाफ दर्ज कराए गए छेड़छाड़ के प्रकरण का भी उल्लेख है। आदेश के अनुसार, मामले में चालान न्यायालय में पेश किया जा चुका है। विभाग ने विभिन्न शिकायतों और जांच प्रतिवेदन में सामने आए तथ्यों को गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की।

 

निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक आदित्य कुमार पांडेय का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सागर निर्धारित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button