क्राइम : वेतन लेकर घर लौट रहे होटल कर्मी पर तलवार से जानलेवा हमला, 8 हजार रुपये लूटे, घटना से सनसनी

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके में होटल में काम करने वाला युवक जब अपनी महीने भर की खून-पसीने की कमाई लेकर घर लौट रहा था, तभी बेखौफ बदमाशों ने उस पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक से करीब 8 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।
*नशे में धुत बदमाशों ने रोका रास्ता*
जानकारी के अनुसार, संजय नगर निवासी राहुल दुबे एक स्थानीय होटल में कार्यरत है। घटना की रात वह होटल का काम निपटाकर अपने एक महीने की पगार लेकर पैदल ही घर लौट रहा था। जैसे ही वह संजय नगर के पास पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया।
पीड़ित राहुल दुबे ने बताया कि रास्ता रोकने वालों में पुत्ती चीनी और नेपाली मामा नामक युवक अपने अन्य साथियों के साथ शामिल थे। आरोपी पूरी तरह नशे की हालत में थे और राहुल को देखते ही उससे रंगदारी दिखाते हुए रुपये मांगने लगे।
*विरोध करने पर तलवार से बोला हमला*
जब राहुल ने अपनी मेहनत की कमाई देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पास में रखी धारदार तलवार से राहुल के सिर पर सीधा वार कर दिया। हमले के साथ ही राहुल लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर पड़ा। राहुल का आरोप है कि उसके गिरते ही बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 8 हजार रुपये जबरन निकाल लिए और धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।
*अस्पताल पहुंचे परिजन*
घटना की जानकारी मिलते ही राहुल के परिजन मौके पर पहुंचे और डायल 112 की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
हालांकि, इस पूरे मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस की ढिलाई पर नाराजगी जताई है। अस्पताल में भर्ती राहुल और उसके परिजनों का कहना है कि घटना के काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी उनका बयान दर्ज करने या मामले की जानकारी लेने अस्पताल नहीं पहुंचा।
*पुलिस जांच के बाद साफ होगी स्थिति*
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के औपचारिक बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही तलवार से हमले और लूट के आरोपों की वास्तविक सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।






