मुख्य ख़बरें

पैतृक ईंटों की कीमत पर रिश्तों का कत्ल: अधेड़ पर ग्राइंडर से हमला, कटा हाथ

सतना। पैतृक मकान पर कब्जे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद हिंसक हो गया। नागौद में 55 वर्षीय मुन्ना सोनी पर ग्राइंडर मशीन से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में उनका एक हाथ करीब आधा कट गया। गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सतना रेफर किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक मुन्ना सोनी करीब 20 वर्षों से अपनी पत्नी और बेटों से अलग रह रहे हैं। परिवार के बीच पैतृक मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि गुरुवार शाम उनकी पत्नी चंद्रलता अवधिया अपने दो बेटों के साथ मकान पर पहुंचीं और ग्राइंडर मशीन से ताला काटने का प्रयास किया।

इसी दौरान मुन्ना सोनी ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान ग्राइंडर की चपेट में आने से मुन्ना का हाथ बुरी तरह कट गया। परिजनों की ओर से उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर जाने से इनकार कर दिया। बाद में नागौद अस्पताल में उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सतना रेफर किया गया।

एक माह पहले भी हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले भी मुन्ना सोनी और उनके परिवार के बीच विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों की ओर से पुलिस थाने में लिखित शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है। गुरुवार की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब वायरल वीडियो, पुराने विवाद की शिकायतों और घटना के दौरान मौजूद लोगों के बयान सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी तय होने की बात पुलिस की ओर से कही गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button